Sunday, 29 October 2017

समाज के कोढ़(02)


रविवार 04 नवम्बर 2017 (देवदीवाली)

अखिल भारतीय प्रगतिशील लघुकथा मंच का दो दिवसीय 29 वां लघुकथा सम्मेलन होने जा रहा है ... ज्यों लघुकथा सम्मेलन का दिन करीब आता जा रहा है , त्यों त्यों एक नई लघुकथा जन्म ले रही है

एक महोदय ने आयोजनकर्त्ताओं में से किसी एक को फोन किया

-हैलो!"
-मैं xyz बोल रहा हूँ।"
-जी पहचान रहा हूँ बोला जाए कैसे हैं?"
-मैं तो ठीक हूँ... सुनिए न ! लघुकथा सम्मेलन में सम्मान देने की भी बात होगी ?"
-जी बिल्कुल होगी"
-लिस्ट तैयार हो गया क्या?"
-हाँ ! हाँ... लिस्ट बिलकुल तैयार है"
-आप बता सकते हैं क्या कि उस लिस्ट में मेरा नाम है कि नहीं
-क्या गज़ब की बात करते हैं!? आपने लघुकथा कब लिखी!? मेरी जानकारी में तो आप अबतक एक भी लघुकथा लिखने का प्रयास भी नहीं किये हैं..."
-उससे क्या होता है... आपलोगों से सवाल करने कौन आएगा..."
-हमारा ज़मीर..."
-अजी समय से लाभ उठाना चाहिए... जितना खर्च करने के लिए बोलिये , मैं तैयार हूँ..."
-लानत है जी ऐसे पैसों पर... पैसों से लेखन करवाये 2000 लोग भी जमा हो तो उसमें आपका नाम नहीं आएगा"
-आप भी कैसी बात कर रहे हैं.... सरकारी सम्मान पाए लोगों में भी हमारे जैसे लोग आराम से मिलेंगे..."


Friday, 27 October 2017

"समाज का कोढ़"


"सुना है लघुकथा सम्मेलन होने जा रहा है..."
"आपने सही सुना है"
"आपकी संस्था लघुकथाकारों को सम्मानित भी कर रही है... कितना खर्च आता होगा... ? मेरी भी इच्छा है कुछ लोगों को सम्मान पत्र दिलवाने का ?"
"मेरा जितना सामर्थ्य है उतना रकम मैं आयोजनकर्ता को दे देता हूँ । उसके आगे का सारा निर्णय आयोजन कर्ता करते हैं ।"
"ऐसा कीजिये न कि इस बार मुझे सम्मान पत्र दिलवा दीजिये"
"अरे ऐसा कैसे हो सकता है? आपने लघुकथा क्षेत्र में क्या काम किया है?"
"लेखन से प्रसिद्धि पाया हूँ... दूरदर्शन रेडियो में पाठ किया हूँ... पेपर में छपता हूँ... अन्य राज्यों में सम्मान पत्र पा चुका हूँ...।"
"लघुकथा के उत्थान व प्रचार-प्रसार के लिए क्या इतना ही काफी है, केवल अपना स्वार्थ साध लेना? पहचान और पैसे के बल पर न? हड्डी पर झपटे को जाल में फंसा लेना... किसी के मजबूरियों का फायदा उठाना आपको खूब आता है... कोई बता रहा था कि आप अपनी लघुकथा लिखवाने के लिए भी पैसे खर्च करते हैं क्यों कि किसी को भेजी गई लघुकथा आधी है या पूरी, आप समझ नहीं पाते हैं..."

"बिक रहा है कुछ तो खरीदने में हर्ज ही क्या है... जिसे आप हड्डी कह रहे हैं , उसे मैं सहयोग समझता हूँ…"

Thursday, 26 October 2017

"साजिश"



"देखो! देखो... कोई दरवाजे का ग्रिल काट रहा है... कोई तो उसे रोको ! अंदर आकर वो मुझे भी मार डालेगा..."
"आपको ऐसा क्यूँ लग रहा है ? मुझे तो कोई दिखलाई नहीं दे रहा है..."
"हाँ नाना जी , नानी जी सही बोल रही हैं! हमें कोई नहीं दिखलाई दे रहा है..."
"देखो ! देखो... बिस्तर पर आकर वो बैठ रहा है..."
                      बड़ा बेटा विदेश बस गया था और छोटा बेटा घर जमाई बन गया था... बेटी संग रहती थी लेकिन अपने बेटे के नौकरी पर जाने की इच्छा जब से वो बताई थी तभी से ऐसी बातें करने लगे थे बद्री प्रसाद..."
आज ही उनका नाती उनकी बेटी को लेने आया तो उनका कुछ ज्यादा ही बड़बड़ाना शुरू हुआ
   "देखो!देखो! कोई आया"  

Monday, 16 October 2017

"समझ"


-एक्सपायरिंग डेट हो गई हैं आप अम्मा जी"
-चल इसी बात पर कुछ चटपटा बना खिला" खिलखिलाते हुए पचासी साल की सास और अड़तीस-चालीस साल की बहू चुहल कर रही थी
-आज मुझे *एक दीया शहीदों के नाम* का जलाने जाना है... काश ! आप भी..."
-पोते की शादी चैन से देख लेने दे"
-यानि अभी और भी पंद्रह-बीस साल..."
-और नहीं तो क्या... क्या कभी सबके श्राप फलित होते देखी है..."
-आपके पहले मैं या मेरे पहले आप टिकट कटवाएँगे सासु जी..."
-संग-संग चलेंगे... समय के साथ खाद-पानी-हवा का असर होता है" दोनों की उन्मुक्त हँसी गूंज गई...




Thursday, 12 October 2017

स्वार्थ में रिश्ते


पिछले कई दिनों से शहर के अलग अलग जगहों पर स्वच्छता अभियान चल रहा था… आज सुबह भी मंत्री जी अपने टीम के साथ, वार्ड पार्षद के साथ भी कुछ लोग आने ही वाले थे, अखबार मीडिया की टीम , युवाओं की टोली और अनेक संगठन-संस्था के सदस्य , स्थानीय लोग अभियान स्थल पर पहुंचे और स्थल से कचरा ही गायब.. खलबली-भदगड़ मच गई
-हद है! कैसे कचरा उठ सकता है... नगर निगम वालों को कुछ तो सोचना चाहिये था... अब मंत्री जी आएंगे तो क्या होगा?
-मंत्री जी के आगमन की बात सुन, घबराहट में ऐसा हो गया होगा
-अरे फोन करो... फोन करो...
ट्रिन ट्रिन
-हेलो!
-इतनी सुबह सवेरे ?
-आपने बिना मंत्री जी के आये कचरा कैसे उठवा लिया?
-हमें भी तो जबाब देना पड़ता है!
-भेजवाईये आयोजन-स्थल पर कचरा।।
-ऐसा कैसे हो सकता है? तिहरा मेहनताना देना होगा...
-क्यों?
-कचरा उठाया मजदूर , फिर लाकर गिरायेगा , फिर उठाएगा
-वो सब हमलोग बाद में मिल बैठ सलटा लेंगे... आखिर हमलोग मित्र हैं... दांत नहीं पीसना मजबूरी थी
-आपकी खुशी में ही हमारी खुशी है...

Tuesday, 10 October 2017

बैसाखी


संगनी क्लब व सामयिक परिवेश क्लब के अनेक कार्यक्रमों में रत्ना पुरकायस्था(दूरदर्शन में उप निदेशक) जी से कई बार भेंट हुई... उनकी मोहक मुस्कान और दूरदर्शन आने का निमंत्रण(स्वाभाविक हर मिलने वालों से वे कहती हैं) मेरे दूरदर्शन जाने का राह खोल दिया । समीर जी से उनका फोन नम्बर ली , ले तो उनसे भी सकती थी लेकिन समीर जी सामयिक परिवेश क्लब के आयोजक थे तो उनसे ही मांगना सहज लगा।
उनसे मिलने जाने के पहले लेख्य-मंजूषा के सदस्यों से पूछी कि कोई चलना चाहेगा... एक से दो भले... बुचिया #ज्योति_स्पर्श  जी संग चलने के लिए तैयार हुईं.... हमें #अनेक_कामों के लिए एक संग निकलना ही था तो मैं उन्हें ही बोली कि रत्ना जी को फोन कर समय ले लें....
सोमवार 9 सितम्बर2017 दोपहर साढ़े बारह बजे के बाद का समय मिला... मैं और बुचिया बड़े उत्साहित रत्ना जी से मिले... पहले से कुछ लोग बैठे... हमारे रहते अनेक लोग आए-गए... सभी लोगों से बातें करने का जो स्वाभाविक(कोई अभिनय नहीं) ढ़ंग था रत्ना जी का बेहद चुम्बकीय था... बच्चों की तरह निर्मल मन ..भावुकता से भरी छलकने को तैयार आँखें... #हम_बहुत_ही_खुश_थे
मैं गई थी लेख्य-मंजूषा के सदस्यों का कार्यक्रम हो इसकी मंशा लेकर लेकिन बातों के क्रम में #हाइकु की चर्चा निकली तो वे बोली कि मैं सोच रही हूँ कि #महिला_हाइकुकार का कार्यक्रम करवाया जाए..… या तो लेख्य-मंजूषा के सदस्य हो जाएं तो ठीक नहीं तो पटना में रहने वाली हाइकुकार का नाम और फोन नम्बर मुझे व्हाट्सएप पर भेज दीजियेगा...
उसी दौरान किसी अन्य से बात करने के क्रम में उनके पति का पर्यटन विभाग में काम करने की चर्चा चली...
(दूरदर्शन जाने के लिए घर से निकलते समय मेरे पति महोदय का सवाल था #तुम्हें_दूरदर्शन_में_ऐसा_कौन_मिल_गया_या_गई_हैं_जिनसे तुम दूरदर्शन पहुंच जाओगी
-रत्ना जी
-रत्ना पुरकायस्था जी ?
-हाँ!
-उनके पति पर्यटन विभाग में काम करते हैं!
-मुझे जानकारी नहीं है और अभी लौट कर आते हैं तो बात करते हैं ... पहले ही बहुत देर हो चुकी हुँ ... आपकी बातें सुनने लगी तो आज का मौका निकल जायेगा...
ये जा... वो जा.. मैं अति उत्साहित निकल भागी)
#मैं:-आपके पति पर्यटन विभाग में काम करते हैं ? मेरे पति बता रहे थे
-आपके पति ? क्या नाम है उनका ? क्या काम करते हैं ?
-जी । डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव । चीफ इंजीनियर...
-वही जो मोकामा में कहीं...
-दो साल पहले थे बरौनी थर्मल के G.M. 31 जुलाई 2017 को पटना हेडक्वाटर से सेवा निवृत हो चुके हैं
रत्ना जी बच्चों की तरह खिलखिला पड़ीं
-अरे😂🤣 ! वे तो मेरे पति के बहुत ही अच्छे मित्र हैं । मैं भी मिली हुई हूँ । हमारे घर भी कई बार आये हैं । उनका बहुत सम्मान करते हैं मेरे पति । जबभी उनकी चर्चा करते हैं उनके व्यक्तित्व की बहुत प्रशंसा करते हैं । पर्यटन विभाग का कार्यालय पहले कंकड़बाग में था । श्रीवास्तव जी के ही सलाह और समझाने पर IEI भवन में स्थापित हुआ। etc अनेक बातें वे करती रहीं
और #मेरा_फ्यूज_उड़_चुका_था...

Wednesday, 27 September 2017

भ्रम टूटा


20 सितम्बर को दिल्ली स्टेशन पर ट्रेन में बैठे साढ़े ग्यारह-बारह बजे तक फोन से बात कर सोई तो सुबह चंडीगढ़ में आँख खुली... सधारणत: ऐसा मेरे साथ होता नहीं है .... मेरी नींद इतनी गाढ़ी कभी नहीं हुई कि समान चोरी हो जाये... फोन चोरी होने से सबसे सम्पर्क खत्म हो गया.... 

"रणनीतिज्ञ"


"सक्सेना मैम... मैम... सक्सेना मैम..."
आश्चर्य हुआ उसे कि देश से इतनी दूर जर्सी के सड़क पर उसे कौन आवाज दे सकता है फिर भी मुड़कर देखी तो एक नौजवान दौड़ता हुआ उसकी ओर आता दिखा
और करीब आकर उसके चरण-स्पर्श कर बोला "आप मुझे पहचान नहीं सकीं न ?"
"नहीं! नहीं पहचान सकी... आप कौन हैं और मुझे कैसे पहचानते हैं ?"
"दो साल मुझे विद्यालय में आये हो गये थे... सभी सेक्शन की शिक्षिकाएं मुझसे त्रस्त हो गई थीं... मैं बेहद उधमी बच्चा था... आख़िरकार मुझे सुधारने के लिए आपके सेक्शन में भेजा गया... आपने मुझे एक महीना उधम मचाने दिया बिना रोक-टोक के... एक महीना कुर्सी से बाँध कर रखा ,कक्षा शुरू होने से लेकर कक्षा अंत होने तक... पूरे एक महीने के बाद जो आज़ादी मिली तो उधम-उत्पात खो गये थे...
"ओह्ह्ह! कौशल?" चहक उठी सक्सेना मैम...

Sunday, 13 August 2017

जिन्दगी के विभिन्न रंग (शेड)


"इतनी सब्जियाँ ! क्या सिंह साहब की पत्नी बाहर से लौट आईं ? प्रात: के सैर और योगासन के बाद पार्क में बैठे वर्मा जी अचम्भित थे... सिंह साहब भांति-भांति के सब्जियाँ खरीद कर झोला भर उठा रहे थे... सुबह के समय पार्क के बाहर सब्जी-जूस बेचने वालों की भीड़ जमा होती थी...
"अरे वर्मा जी, सिंह साहब की पत्नी को गुजरे वर्षों हो गए!" शर्मा जी बोले
"तो क्या सिंह साहब खुद से खाना पकाते हैं?"
"नहीं न! दाई(मेड) रखते हैं ।"
"ओह अच्छा!"
"दाई को २० हज़ार रुपया देता हूँ वर्मा जी! इस उम्र में दूसरी शादी करता तो दस तरह की किच-किच होता... पत्नी होती भी तो उसके साथ भी कई समस्याएँ होती...! मन का पकाने के लिए बोलता तो दस बहाने होते...
मेड रखता हूँ आज़ाद पक्षी की तरह जीवन जी रहा हूँ...!" सिंह साहब की ख़ुशी छिपाए नहीं छिप रही थी...
"भाभी जी नमस्कार... घर आए कई लोग बोल जाते हैं...!" शर्मा जी फुसफुसाए...


Wednesday, 9 August 2017

दूत मिलता है... तलाश हमें करनी होगी...


1994 के 29 अगस्त को हमलोग पटना शिफ्ट कर गये थे... हमारे घर से थोड़ी दूरी पर परिचित बे-औलाद वृद्ध दम्पत्ति रहते थे... वे लोग बहुत खुश हुए हमारे पटना आने से... यूँ तो उनके साथ पति-पत्नी दोनों के भतीजे का परिवार रहता था... दोनों के भतीजे के परिवार में ये सोच था , मैं क्यूँ किसी तरह की मदद करूँ वो करे... एक दाई रही सदा... लेकिन पैसों के मामले में मेरे पति पर ही विश्वास रहा... वृद्ध की मौत सन् 1994 में और वृद्धा की जिन्दगी सन् 2003 तक ही रही... नौ साल प्रतिदिन का बाहर से ख्याल हमलोग रखे... बैंक से पैसा निकाल कर ला देना... जब जरूरत पड़े डॉक्टर लाना... अस्पताल ले जाना... पेस मेकर लगवाना...
       लगभग पंद्रह दिनों पहले... दोपहर का समय था... मेरे पति ऑफिस में थे... मैं घर में अकेली थी... मुझे बुखार 102 था... पड़ोसन मिलने आईं... हम बात कर रहे थे लेकिन मेरा बुखार बढ़ रहा था... दवा लेने के बाद भी 105 हो गया... घबरा कर मेरी पड़ोसन की बेटी मेरे पति को फोन कर दी... आस-पास की तीन-चार पड़ोसन आ गईं... मेरे पति को ऑफिस से घर पहुँचने में समय लगता वे मेरे बड़े भाई को फोन कर दिए... बड़े भाई-बड़ी भाभी पहुँच गये... पानी की पट्टी और सर धोने से बुखार थोड़ी देर में उतर गया...

हमारा हश्र कैसा हो... ये तो विधाता रचता ही होगा लेकिन कुछ सहायता तो हमारी सोच... हमारे कर्म भी करते हैं...
आशा साहनी की स्थिति को समझने की कोशिश में हूँ क्यूँ कि कल मेरी स्थिति शायद... *शायद* वही हो
ना हो इसलिए पूरे शहर में होने वाली साहित्यिक गोष्ठियों में जाती हूँ... रोज़ दो-चार से फ़ोन पर बात करती हूँ... फ़ेसबूक पर सक्रिय रहती हूँ... अकेलापन या भीड़ हम तो चुन ही सकते हैं...
जबसे ख़बर मिली है तभी से सोच रही हूँ...
मान लेते हैं पूत कपूत है
पहले पति के मौत के बाद दूसरी शादी... तब तो पुत्र पर निर्भरता ख़त्म... दूसरे पति की भी मौत तीन-चार साल पहले... तो अकेले क्यूँ रही...

                                             ये बताने की जरूरत इसलिए पड़ी कि आशा साहनी अकेले यूँ क्यूँ मरी... समझ नहीं पा रही हूँ ...
-विश्वास की कमी उनमें थी ?
-कोई क्यूँ नहीं रहा(बेटा ही क्यूँ) दो-दो मकान होते हुए...


Monday, 17 July 2017

अपना-पराया



सीलन लग बर्बाद ना हो जाएँ यादगार लम्हें... बरसात खत्म होने को ही है... चलो आज सफाई कर ही दी जाए... बुदबुदाती विभा अलमीरा से एलबम निकाल पलंग पर फैला दी... पास ही खड़ा बेटा एलबम से एक तस्वीर दिखाता पूछा,- "माँ! सुनील मामा के संग किनकी तस्वीर है "
"कहाँ हो? अजी सुनती हो... तुम्हारे ललन भैया का फोन आया आज... "
"यही हूँ... क्या बात हुई ललन भैया से... उन्हें अपने घर बुला लेते..."
"उनका बेटा बरौनी थर्मल में ट्रेनिंग करना चाहता है..."
"वाह! अच्छी बात... फोर्थ इयर शुरू हो गया भतीजे के इंजीनियरिंग का... क्या बोले आप?"
"बोल दिया हूँ पता कर सूचित करूँगा एक दो दिन में जब फिर उनका फोन आयेगा तो..."
"कोशिश कर ट्रेनिंग शुरू करवा ही देना है..."
"रहेगा कहाँ एक महीने तक...? चार सप्ताह की ट्रेनिंग होगी...!"
"मेरे साथ... हमारे घर में..."
"हमारे साथ कैसे रहेगा?...तुम्हारा सगा भतीजा होता तो और बात होती... "
सगा... हथौड़े की ठक-ठक से अतीत के पत्थर खिसकने लगे...
"मैं यहाँ ? कैसे आ गया ? अस्पताल के कमरे में खुद को पाकर सुनील का सवाल गूँजा।
"मैं ले आया। तुझे कुछ याद भी है ! तू कल शाम से अब तक बेहोश था। क्या रे हम अब इतने पराये हो गये ? चाचा/तुम्हारे पिता के बदली होकर दूसरे शहर जाने से... हम पड़ोसी भी नहीं रहे... !
"अरे! ऐसी कोई बात नहीं ललन... चल... मेरे हॉस्टल चलकर बात करते हैं..."
"हॉस्टल! तेरे हॉस्टल कहाँ... तुम्हारा सारा सामान हमारे घर में शिफ्ट हो गया है..."
"अरे! तुमलोग पहले भी बोले थे... लेकिन तू जानता है! अभी मेरी पढ़ाई पूरी करनी बाकी है तीन साल की जिसके कारण पिता के संग ना जाकर हॉस्टल में रहने का निर्णय हुआ था... फिर नौकरी की तलाश... ?"
"सब जानता हूँ... बचपन से पड़ोसी रहे हैं... हमारे बीच कुछ दुराव-छिपाव नहीं रहा है... तू जान ले जब तक तू इस शहर में है, हमारे घर में रहेगा पूरे हक़ और सम्मान से... "


छाँव का स्थायित्व और अवहित्था

https://www.facebook.com/share/r/18WzEZJakd/?mibextid=wwXIfr बरगद के विशाल वृक्ष का तना लाल-सुनहरे धागों से भरता जा रहा था। पूजा की थालियों ...