प्राणा कम्पनी का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट लॉन्च हो गया, लेकिन प्रतिस्पर्धी कंपनी ने अंतिम क्षणों में कानूनी दाँव खेल दिया। मीडिया, निवेशक, सबकी निगाहें विभा पर टिक गईं।अंदरूनी जानकारी बाहर जाने की आशंका थी। उसी समय समीर आगे आया। उसने वह ईमेल ट्रेल, वह गोपनीय प्रस्ताव और प्रतिस्पर्धी कम्पनी की चालों के सबूत बोर्ड के सामने रख दिया, जिन्हें उसने समय रहते रिकॉर्ड कर लिया था।
“सर,” उसकी आवाज़ काँपी, “एक बार मैंने गलती की थी। इस बार खुद को खोना नहीं चाहता था।”
कानूनी टीम सक्रिय हुई। मामला पलट गया। प्रोजेक्ट बच गया।
“शायद… इस बार साँप ने डसा नहीं।” मीटिंग खत्म होने के बाद विभा ने धीरे से चांद्री के पास आकर कहा।
चांद्री ने मेज़ पर रखे पत्थर को देखा और कहा—
“साँप को पालना जोखिम है। पर हर जोखिम मूर्खता नहीं होता। कुछ जोखिम नेतृत्व की परीक्षा होते हैं।”
खिड़की के बाहर शहर की रोशनियाँ चमक रही थीं, विभा उन रौशनियों में कंपनी की आपात बैठक को देख रही थी। उसके नज़रों में माहौल में व्याप्त तनाव की महीन परत तैर रही थी।
ऑपरेशंस हेड चांद्री ने फाइल टेबल पर पटक दी—
“सर, आप सच में समीर को प्रोजेक्ट हेड बना रहे हैं? वही समीर, जिसने पिछले साल गोपनीय डेटा लीक किया था? वह कंपनी छोड़कर प्रतिस्पर्धी फर्म से मिला हुआ था। यह सीधा जोखिम है।”
सीईओ विभा ने कुर्सी पर पीछे सिर टिका लिया। उसके सामने मेज़ पर एक छोटा-सा पेपरवेट रखा था—काला, साधारण-सा पत्थर। वह उसे उँगलियों से घुमाने लगी, “हाँ, वही समीर,” उसने विवेकपूर्ण शान्त स्वर में कहा।
“महोदया! यह व्यापार है, आश्रम नहीं। साँप को आस्तीन में रखेंगी तो डसेगा ही।” खिसियानी चांद्री ने कहा।
विभा हल्के से मुस्कुरा रही थी—
“हो सकता है। लेकिन हर गलती स्थायी चरित्र नहीं होती, कुछ लोग परिस्थितियों से हारते हैं, कुछ अवसर मिलने पर बदलते भी हैं। अगर हम किसी को सुधार का अवसर ही न दें, तो फिर नेतृत्व का अर्थ क्या रह जाएगा?” कमरे में सन्नाटा छा गया। निर्णय हो चुका था। और भीतर, विश्वास ने एक बार फिर अपना व्यास बढ़ा लिया था।