Wednesday, 22 February 2023

अपरिमेय


"यह है? इसी के लिए...!" अनेक जोड़ी आँखें विस्फारित थीं।

"कभी विद्यालय के शिक्षक और छात्राओं के साथ इसे यहाँ आने की अनुमति मिली थी। इसे यह जगह इतनी पसंद आई थी कि इसने अपनी सखियों के सामने कहा कि यह पुन: आएगी। इसके घर में घुमक्कड़ी का किसी को ना तो शौक था और ना इसे बाहर वालों के साथ कहीं जाने की अनुमति मिलती थी। बहुत ज़िद करने के बाद तो इसे यहाँ आने दिया गया था। उसी साल इसके पिता का तबादला उस इलाके से बहुत दूर हो गया। इसके अभियंता पति को यात्रा का शौक तो था, तभी तो यह पूरा देश घूम चुकी है। लेकिन पूरे राज्य को विद्युत बँटवारा करने की जिम्मेदारी होते हुए भी अपने राज्य के इस छोटे से इलाके में इसे लेकर नहीं आ सके, अपनी अति व्यस्तता और राज्य के बाहर यात्रा करवा ही रहे थे। समय गुजरता रहा अपने जेहन में वादों को जीवित रखे साहित्य और समाज के दरिया में उबचुभ करती रही। जब तीसरे भारत-नेपाल साहित्य महोत्सव का स्थल तय होने लगा तो इसे लगा अगर इस सीमांत से सटे नेपाल के इलाके में कार्यक्रम हो तो इसकी इच्छा पूरी हो सकती है। झट से इसने आयोजक महोदय को यहाँ कार्यक्रम करने का सुझाव दे दिया। और वक्त का करिश्मा सुझाव मान भी लिया गया।"

"कौन यकीन करेगा...! जो गोवा, मुंबई, चेन्नई, केरल के समुंद्री उफानों का अवलोकन कर चुकी हो, यहाँ तक सात समुंदर पार बे एरिया का नज़ारा देख चुकी उसके लिए यह पतली सी धारा आकर्षित करने वाली होगी..?"

 "बरसों ही तरसी आँखें, जागी है प्यासी रातें

आयी हैं आते-आते होठों पर दिल की बातें"

"आखिरकार तू आ ही गयी...!"

"तू कोशी की मौज, मैं गंगा की धारा ... चले आए मौजों का ले कर सहारा, होकर रहा मिलन हमारा।"

"लगभग पचास साल पहले का किया वादा पूरा कर सकी।"

"हमें लगा था कि पुराने प्रेम का चक्कर..,"

"तुमलोगाें को ऐसा लगना स्वाभाविक ही था क्योंकि यह अकेले यात्रा का विचार प्रकट कर रही थी।"

अगर किसी चीज़ को दिल से चाहो तो सारी कायनात उसे तुम से मिलाने में लग जाती है..

हम अपनी सोच के दम पर जो चाहे वो बन सकते हैं। और यह कोई नयी खोज नहीं है, बुद्ध ने भी कहा है “हम जो कुछ भी हैं वो हमने आज तक क्या सोचा इस बात का परिणाम है।"

स्वामी विवेकानंद ने भी यही बात इन शब्दों में कही है "हम वो हैं जो हमें हमारी सोच ने बनाया है, इसलिए इस बात का धयान रखिये कि आप क्या सोचते हैं। शब्द गौण हैं। विचार रहते हैं, वे दूर तक यात्रा करते हैं।"

Wednesday, 8 February 2023

परस्परवाद

परस्परवाद


अनेकानेक लोग अखबार पढ़-पढ़कर आपस में चर्चा कर रहे हैं,"इस बार तो इस नेता जी की जीत पक्की है..."

 जिसे सुनकर तोता ने मैना से पूछा,"ऐसा क्यों?"

"चुनाव लड़ रहे नेता ने अपने मित्र से विमर्श किया, "यार! पता नहीं क्या बात है कि कोई अखबार मेरा समाचार छापता ही नहीं है, गर छापता भी है तो इस कदर कि उसका कोई मानी-मतलब ही न हो।"

"यार चुनाव का समय ... इसे पहचानो... आज के समय में तुम अखबार को लाभ पहुँचाओ... वो तुम्हें पहुँचाएगा...।" नेता जी के मित्र ने कहा।

"मतलब?" नेता जी ने पूछा।

"अख़बार का प्रकाशन... एक धंधा है... व्यापार है...। मालिक को अख़बार चलाना है तो उसे भी पैसा चाहिए..!" मित्र ने कहा।

"अख़बार तो तटस्थ होता है न! जो आँखों देखता है उसे समाजहित में यानी समाज को सही दिशा देने की दृष्टि से ईमानदारी से पत्रकारिता का दायित्व निभाना होता है..।" नेता जी ने कहा।

"यार! यह गणेश शंकर विद्यार्थी का युग नहीं है...; अब यहाँ पत्रकारिता क्या, सबकुछ लेनदेन के आधार पर चलता है...।" मित्र ने कहा।

"तो मुझे क्या करना चाहिए?" नेता जी ने पूछा।

"चुनाव जीतना है तो अख़बार को बड़े-बड़े विज्ञापन दो..., संवाददाताओं को पैसे और बढ़िया-बढ़िया उपहार दो फिर देखो!" मित्र ने सुझाव दिया।

"चुनाव जीतने हेतु तो यार कुछ भी करूँगा..., जो तुमने कहा उसे अभी इसी वक्त...," नेता जी ने कहा।

"और आनन फानन में नेता जी ने प्रेस कांफ्रेंस बुलाई.. जो वो अपने हित में छपवाना चाहते थे.. विज्ञप्ति बनवाकर हर प्रेस के संवाददाता को दे दिया। 

और देख लो आज के सारे अख़बार में नेता जी - ही -  नेता जी छाए हुए हैं..," मैना ने कहा।

"और जनता...?" तोता ने सवाल किया।

"हिसाब करेगी न...!" मैना ने कहा।

आज भी अधिकांश जनता अख़बार से ज्यादा अपने आस-पास से मिले अनुभव से समझती है न...।



Thursday, 19 January 2023

अँधेरे घर का उजाला


"किसे ढूँढ़ रहे हो?" शफ्फाक साड़ी धारण किए, सर पर आँचल को संभालती महिला ने बेहद मृदुल स्वर में पूछा।

तम्बू के शहर में एक नौजवान के आँखों में जिज्ञासा स्पष्ट रूप से छलक रही थी। संगम की रेती पर कल्पवासियों का डेरा जम चुका था। उन्हीं के दल की वो महिला लग रही थी।

"अपने जन्मदात्री को!" नम आँखों को चुराता हुआ नौजवान ने कहा।

"तुम्हारी माँ कब और कैसे बिछुड़ गयी?"

"मैंने जबसे होश संभाला तब से उन्हें ढूँढ़ ही रहा हूँ।"

"तुम्हारे पास तुम्हारी माँ की क्या निशानी है, जिसके आधार पर तुम उन्हें ढूँढ़ सकोगे?"

"मेरी माँ मुझसे छिप रही हैं तो मुझे ढूँढना उन्हें है। मैं उनकी सहायता करने का प्रयास कर रहा हूँ।"

"अर्थात...।" बेहद चौंकते हुए महिला ने पूछा।

”उनकी जब डोर कटी होगी तो उन्हें किसी छत का सहारा नहीं मिला होगा। गर्भनाल कटाते मुझे किसी को सौंप दिया या कुछ महीने अपने पास भी रखा, यह तो मैं नहीं जानता लेकिन इतना जानता हूँ कि मुझसे मिलने के लिए वो भी अवश्य तड़पती होंगी।"

"कैसे इतना विश्वास करते हो?"

"मुझे जिसने पाला उसने अपनी अंतिम सांस लेते हुए कहा!"

"क्या उसने यह नहीं बताया कि तुम्हारी माँ कहाँ रहती है?"

"बदनाम गलियों का पता नहीं बताया। अपने कार्यालय से मैं छुट्टी लेकर मुंबई वाराणसी मुजफ्फरपुर कलकत्ता की बदनाम गलियों में घूम रहा हूँ।"

"बदनाम गलियों में तुम्हारी माँ मिलेगी तो क्या करोगे? दुनिया उन्हें अपवित्र मानती होगी।"

"उनके साथ रहूँगा। हमारा मकान मंदिर हो जायेगा। माँ कभी अपवित्र नहीं हो सकती।"

 "मेरे मोबाइल से गूगल ड्राइव के गैलरी का निरीक्षण कर लो...।"


Wednesday, 4 January 2023

खाई से जुड़ा दो पहाड़

"जरा संभलकर! सम्मान से उठाना इन बुझे दीपों को। इन्होंने बीते रात स्व जलकर सबको प्रकाशित किया है...," बड़े-बड़े शृंगारित दीपों को निहारती मधु ने अपने सहायिका से कहा।

"और आप अपने जीवन के प्रकाश का हाल कब पता करेंगी?" मधु का ध्यान भंग करती हुई रचना ने कहा।

"अरे रचना तुम! तुम कब से खड़ी हो?" रचना को गले लगाते हुए, "तितलियों से घिरे प्रकाश के हाल का क्या पता करना?" कहा।

"अफसोस है कि इतने वर्षों से अलग रहने के बाद भी आपकी गलतफहमी दूर नहीं हुई! माना कि उनके महिला मित्रों से आप अपने रिश्ते को असुरक्षित महसूस करती थीं, लेकिन आज उनकी कोई महिला मित्र उनके साथ रहना या अपने घर ले जाना कहाँ कर रही हैं?"

"सूखे फूल पर कहाँ दिखेंगी तितलियाँ!"

"तितलियाँ नहीं दीमक कहिए, जिन्हें गुनना नहीं बस... सहायिका को जमीन खरीदकर उसपर घर बनवाकर देने के बाद वो कहती है कि क्या ईंट निकालकर खायें!"

"अपने आजीवन किराए के मकान में रहने का निर्णय रहा। जो बचा है मुझे ही संभालना होगा?"

"गाढ़े दिन दूर होंगे..!"

Sunday, 1 January 2023

अंधेरा भविष्य



अभी राजा विक्रम शव को कंधे पर लादकर कुछ ही क़दम चले थे कि तभी उस शव में मौजूद बेताल ने अपनी पुरानी शर्त को दोहराते हुए राजा विक्रम को यह नयी कथा सुनाई

एक गुरु जी थे जो हमेशा एक किस्सा सुनाया करते थे कि एक आयोजन में विधा के अनेक जानकार वरिष्ठ सृजक दर्शक दीर्घा में बैठे हुए थे और मंच पर विधा से अनभिज्ञ बैठे हुए थे। विधा के लेखन को विधा से अनभिज्ञ की समीक्षा सुनकर गुरु जी बेहद व्यथित हुए थे और आयोजकों को कहा था कि "यह ठीक नहीं हुआ। विधा के लिए घातक हुआ।"

उसके बाद भी अनेक बार ऐसी परिस्थिति देखी गयी। 

अभी हाल में एक आयोजन में मंच पर छः साल के अनुभव को समेटे सत्र की अध्यक्षता करने वाली के हर रचना पर की गयी टिप्पणी पर दर्शक दीर्घा में बैठे तीस-चालीस के अनुभवी वरिष्ठ रचनाकार की पत्नी पूछ लेती "क्या यह ठीक है, क्या सही समीक्षा हो रही है?"

सत्र खत्म होने के बाद वरिष्ठ रचनाकार की पत्नी ने अनेक प्रतिभागियों से बार-बार कहा,"मेरे पति की अनेक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसलिए इन्हें राज्य सरकार की तरफ से सम्मानित किया जा रहा है। बहुत बड़ी राशि मिल रही है।"

"अब आप बताइए राजन कि आयोजक मंडली को खिले फूल की खुशबू क्यों नहीं मिल सकी?"

शर्त को भूलते हुए राजा विक्रम ने तनिक क्रोधित होते हुए कहा, "सुनो बैताल! तुम्हें शौक है मुझे तंग करने का... अनावश्यक सवाल पूछते हो जिसका ज़बाब तुम्हें पता होता..। खैर! सुनो,

 हर क्षेत्र में धंधा मुख्य हो गया है और उस क्षेत्र की मूल आत्मा गौण। इसी कारण जानकार लोग दर्शकों में बैठे मिलते हैं और तथाकथित गणमान्य मंच की शोभा खराब करते हैं।

पुस्तक छपवाना उपलब्धियों में गिना जाता है, लेकिन उसमें क्या छपा है, इसको दरकिनार कर दिया जाता है।

अब आयोजक को भी केवल चमकते हुए चीज से मतलब हो गया है। अब चमकता चीज चौबीस कैरेट का सोना है या गिलट उससे उसको कोई मतलब नहीं।"


Thursday, 22 December 2022

खुलीं आँखें


"तुम्हारे और तुम्हारे भाई के बीच पशु बेचने को लेकर जो समस्या थी उसका क्या निपटारा हो गया ?"

"हाँ! हो गया"

"कैसे हुआ?

"आँगन दो हिस्सा में बाँटना पड़ा तो पशु भी बाँटे गए। उस कारण हमारे हिस्से एक-एक बैल आया। भाई अपने हिस्से का बैल बेचना चाहता था तो उसे मैंने खरीद लिया।"

"अरे वाह! तुम बैल बेचना नहीं चाहते थे, अब तो तुम्हारे पास ही रह गए..!"

"क्या तुम्हारा बेटा किसान बनने के लिए तैयार हुआ?"

"बेरोजगारी दूर करने के लिए नौकरी ना मिलने के कारण अपना धंधा शुरू करना गलत नहीं है .. । पढ़ा-लिखा नौजवान है, देश को आगे बढ़ानेवालों में से एक होकर चलेगा। "

"यानी हमारे अपने खलनायक नहीं हैं..?"

"बिलकुल नहीं! वास्तव में जोखिम तब होता है, जब हमें पता नहीं होता कि हम क्या करना चाह रहे हैं।"

"एक ही आय पर निर्भर न करें, दूसरा स्त्रोत बनाने के लिए निवेश भी करें..!"


Wednesday, 23 November 2022

तपस्वी


 "तेरा वो वाला घर सवा - डेढ़ करोड़ में बेचा जा सकता है। चालीस - पैतालीस लाख में अन्य कोई फ्लैट खरीदकर उनमें उनलोगों को व्यवस्थित कर सकते हो और बचे एक करोड़ में...,"

"क्या बक रहा है तू..! ऐसा कैसे किया जा सकता है..?"

"क्यों नहीं किया जा सकता है उनलोगों ने तेरे लिए किया ही क्या है?"

"क्या यह ही काफी नहीं कि उन्होंने ही मुझे जन्म दिया है। वो डुप्लेक्स घर, जिसका ड्योढ़ी-छत उनके सपने का है। अन्य फ्लैट उन्हें जेल सा लगेगा..।"

"तुम्हारे ददिहाल-पिता के घर में तुम्हें शरण मिला था? जब उन्हें पता चला था कि तुम्हारा शरीर लड़का का है लेकिन तुम्हें चलना, बोलना, वस्त्र पहनना लड़कियों सा अच्छा लगता है..!"

"तो क्या हो गया...! क्या मैं चींटी का खाया बीज हो गया जिससे अंकुर नहीं फूट सकता है..! तब तो मेरा चिकित्सक बनना बेकार ही चला जायेगा।"


Wednesday, 9 November 2022

संजीवनी


"समय के चपेट में आकर ठूंठ बने वृक्ष के कोटर में रह रहा दृढ़ पक्षी हमारे सामने उदाहरण है मेरे दोस्त..।"

"हर ठूंठ हरा नहीं हो जाता...। अभी कलयुग चल रहा है! इंद्र नहीं मिलेंगे...।"

"कलयुग, द्वापरयुग, सतयुग मानव व्यवहार से ही निर्मित होता है..!"

"इसलिए तुम विदेशी अपनी नौकरी और वहाँ बसी-बसाई अपनी गृहस्थी उजाड़ रहे हो?"

"स्थान परिवर्तन को उजाड़ना कहते हैं? तब तो कोई उन्नति ही नहीं होगी...!"

"उन्नति के लिए ही तो विदेश गए थे न?"

"तब जा सकता था..। अब यहाँ मेरे रहने से ज्यादा उजास फैलेगा। मेरे वृद्ध माता-पिता को सहारा मिलेगा। और विदेशी मृगतृष्णा का क्या है...!"

"सुबह का भूला...!"


Wednesday, 26 October 2022

दीपोत्सव : लघुकथा नाटिका


उच्च मध्यम परिवार के पात्र

सुबोध : पति/उम्र पैतालीस वर्ष

संध्या : पत्नी/उम्र बयालीस वर्ष

सुयश : पुत्र/उम्र सोलह वर्ष

सुनीता : सहायिका/उम्र पच्चीस वर्ष

समय : मध्याह्न काल 4 बजे...

स्थल : गृह की ड्योढ़ी पर बैठक

°°

"मैं बाजार हो आता हूँ। क्या लाना है उसकी सूची दे देना।" सुबोध ने कहा।

"आज धनतेरस है चाचा जी। एक झाड़ू लाना शुभ होगा।" सुनीता ने कहा।

"झाड़ू लाना क्यों शुभ होता होगा दीदी?" सुयश ने पूछा।

 "दीवाली की अतिरिक्त सफाई में पुराने झाड़ू खराब हो जाते होंगे तो नए लाने का विधान शुरू हुआ होगा। पुरानी पीढ़ी की मजबूरी नयी पीढ़ी की परम्परा हो जाना स्वाभाविक है।" संध्या ने कहा।

"धनतेरस पुस्तक मेला शुरू हुआ है। तुम कहो तो ऑन लाइन तुम्हारी पसंद की दो चार पुस्तक मंगवा लूँ?" सुबोध ने कहा।

"जी जरूर! मैं सोच रही थी कि बच्चों के अपनालय में एक पुस्तकालय खोल दूँ ?" संध्या ने कहा।

"उम्दा ख्याल है..! मैं अपने मित्रों और तुमलोग अपने-अपने मित्र मंडली में सबको उत्साहित किया जाएगा...!" सुबोध ने कहा।


दीपों का तुला
गुड़ियों की शादी में
माँ आँसू पोछे


Saturday, 8 October 2022

क्षिप्रिका

माता-पिता की खुशियों के उच्छल पर अंकुश लग ही नहीं रहा था। उन्हें अपनी इकलौती पुत्री के लिए मनचाहा भारतीय प्रशासनिक सेवक, घर-जमाई मिल गया था। बारात का स्वागत हो चुका था। वरमाला के बाद वर-वधू गाड़ी में बैठ चुके थे। शादी के लिए मंडप घर के छत पर बना था। लेकिन वर-बधू वाली गाड़ी घर की तरफ ना जाकर दूसरी तरफ मुड़ गयी। बेबस होकर सभी गाड़ियाँ वर-बधू वाली गाड़ी का अनुसरण करते हुए शहर से बाहर बने वृद्धाश्रम के सामने पहुँच गयीं।
वृद्धाश्रम के प्रांगण में मंडप सजा हुआ था और एक वृद्ध पीली धोती और सिल्क का नया कुर्ता पहने आगवानी में खड़े थे। बधू के माता-पिता भौंचक होकर पत्थर की मूर्ति सा जड़ खड़े थे।
"क्या आप अपने पिता को पहचान रहे हैं ? वर ने पूछा।
"यहाँ तुमलोगाें को आना था तो हमें पहले क्यों नहीं बताया? वधू की माता ने पूछा। उनकी जड़ता टूटी।
"दादा को आप वृद्धाश्रम में छोड़ने जा रहे हैं क्या आपने बताया था?" वर ने कहा।
"हुंह्ह्ह, बताया जाता! कैसे बताया जाता..! जब तक बुआ भारत में रहीं दादा उनके साथ ज्यादा रहते। मेरी हमउम्र फुफेरी बहन के साथ खुश रहते। मुझे तो दादा से बहुत दूर हॉस्टल में रखा जाता।" वधू ने कहा।
"सत्ता का उन्माद बिना महावत का रहा। क्या इनका स्थानांतरण कर दें?" वर ने पूछा।
"नहीं। गलतियों के इतिहास को दोहराया नहीं जाता है।" वधू ने कहा।

Thursday, 29 September 2022

उऋण

बैताल ने कहना शुरू किया :-

पूरी तरह से उषा का सम्राज्य कायम नहीं हुआ था लेकिन अपनों की भीड़ अरुण देव के घर में उपस्थित थी। मानों निशीथकाल में शहद के छत्ते से छेड़खानी हो गयी हो...।

"आपने ऐसा सोचा तो सोचा कैसे..?"

"सोचा तो सोचा! हमसे साझा क्यों नहीं किया...?"

 भीड़ के प्रश्नों के बौछार से अरुण देव की आँखें गीली होकर धुंधली हो रही थी।

वहाँ रहने के इच्छुक वृद्धजन को अपने अतीत और वर्तमान जीवन की स्थिति एवं परिस्थिति के बारे में उल्लेख कर, एक आवेदन देना था। उसमें अपने पुत्र, पुत्री, पति, पत्नी यानी अन्त समय में संस्कारादि करने वालों के नाम, संपर्क में रहने वाले दो विश्वसनीय रिश्तेदारों के नाम, पता तथा मोबाइल नम्बर आदि विशेष रूप से दर्शाना था। वृद्धजनों को साथ लाने वाले उनके परिजनों को अपने परिचय –पत्र , आधार –कार्ड के साथ वृद्धजन की चिकित्सा–सम्बन्धित रिकॉर्ड भी लाना था।

जिसके कारण वृद्धाश्रम जाना अरुण देव का निर्णय गुप्त नहीं रह गया। रक्त के संबंधी और समाज से कमाएं रिश्तेदार उनके सामने खड़े थे।

"तुमलोग चिन्ता ना करो तुम्हारे बरगद की देखभाल अच्छे से होगी एक चिकित्सक हर तीन दिन में एक बार प्रत्येक वृद्धजन का रक्तचाप,  शुगर –लेवल निरीक्षण कर आवश्यक परामर्श देता रहेगा। विशेष आवश्यकता पड़ने पर वृद्ध महिला के लिए महिला–सेविका/नर्स अथवा महिला–चिकित्सक की सामयिक व्यवस्था भी की जा सकती है।"

"हम आपको वृद्धाश्रम नहीं जाने देंगे। नहीं ही जाने देंगे..," अनेकानेक स्वर गूँज उठे।

"हवा कुछ और बह रही है और हमें दिखलाई कुछ और दे रहा। ऐसा क्यों आप बताइए महाराज विक्रम।"

"बिना फल वाला और उसकी लकड़ी का भी कोई उपयोग नहीं, भले ही पेड़ पुराना और बुड्ढा हो गया हो लेकिन तपती धूप में लोगो को छाँव देता हो, यदि ऐसा पेड़ आस -पास हो तो प्रदूषण और गर्मी से बेहाल नहीं हो सकते। पेड़ों को बचाना उसके प्रति दया दिखाना नहीं है, बल्कि अपने मानव जीवन के प्रति दया दिखाते हैं।

पीपल ,बरगद ,तुलसी ,आवंला ,अशोक आदि अनेक पूजनीय वृक्ष माना जाता है, वैसे ही दादा-दादी, नाना-नानी, माता-पिता, मामा,ताऊ, मौसी, बुआ पूजनीय रिश्ते हैं।" महाराज विक्रम ने कहा।

और फिर बैताल...

अदर्ज लेखा

“भैया ने मुझे तीन लाख रुपये कब दिए?” “यह किसने कहा?” “आपने छोटी भाभी से कहा है न?” “चुग़लीखोर से मैंने सिर्फ़ इतना कहा था कि गृहप्रवेश पर एक...