Sunday, 7 May 2023

तमिस्राक्षत

 तमिस्राक्षत

प्रियतम पावेल !

मधुर याद...

राजी खुशी के साथ मन की बैचेनियों को बता रही हूँ। जबसे पता चला है कि आपका निर्णय राजनीति को छोड़ कर नौकरी सरकारी गुलामी करने का हुआ है तब से व्यथित हूँ। जनता के बीच रह कर जनता के लिए जीने का इरादा इतना कमजोर क्यों हुआ! सगुन उठाने के समय भैया से आपका सवाल था 'आपको पता है न मुझे नौकरी नहीं करनी है...? आपकी बहन के सुख सुविधा का ख्याल उसे खुद की कमाई से करनी होगी!'

बड़े भैया के संग पापा भी थे जो बेहद चिंतित हो गये थे। तब बड़े भैया ने उन्हें समझाते हुए कहा था," चिन्ता नहीं कीजिये, अभी बाघ के मुँह में खून नहीं लगा है। राजनीत का भूत उतर जायेगा बहुत जल्द।

क्या ऐसा ही कुछ हुआ जो आपका विचार बदल गया? अभी-अभी तो चंद दिन गुजरे.... सरस्वती पूजा को शादी हुई और प्यार दिवस पर ऐसे सौगात की उम्मीद तो न थी। वेणी, बेड़ी नहीं हो सकती...। अगर ऐसा हुआ होता तो रामायण नहीं लिखा गया होता!"

आपकी पुराने विचारों पर वापसी की प्रतीक्षा में सुख - दुःख की साझेदार

आपकी पगली

विभा रानी श्रीवास्तव, पटना

Friday, 5 May 2023

निर्विष

 निर्विष

"बड़ी अम्मा! बड़ी अम्मा, आपको दादी बुला रही हैं।"
"क्यों बुला रही हैं तेरी दादी? चल भाग! मैं तेरी बड़ी अम्मा नहीं हूँ। जाकर कह दे मैं नहीं आ रही हूँ।"
"क्यों नहीं आयेंगीं जीजी। जरा अम्मा के बारे में सोचिए, कुछ दिनों के अन्तराल में उन्होंने अपने दोनों बेटों को खो दिया।"
दो बेटा, एक बेटी और पति के संग मालतीदेवी बेहद खुशहाल जीवन बिता रही थीं। लेकिन हथेली पर रखा जलता कोयला सी अनुभूति का सच सबके सामने आ रहा था, छोटा बेटा मानसिक और कद-काठी में बेहद कमजोर पनप रहा था••। समयानुसार बेटी की शादी हो गयी। बड़ा बेटा नौकरी करने लगा। उसकी भी शादी हो गई। बड़ी बहू को देवर का संग पसन्द नहीं था। ननद का मायके आना उचित नहीं लगता। अब एक ही मकान के दो हिस्सों में दो चूल्हे जलने लगे। कालान्तर में छोटे बेटे की शादी एक पैर और एक आँख वाली कन्या से हो गयी। बड़ी बहू को अपने अलग हो जाने के फैसले पर बेहद खुशी होती लेकिन कुढ़न में जलती भी रहती। छोटी बहू के बनाए खाने के प्रशंसकों की संख्या बढ़ती जा रही थी। उसके चार-छ: सहयोगियों का परिवार भी पलने लगा था। अचानक हुए दुर्घटना ने पहले छोटे बेटे को तो कुछ दिनों के बाद बड़े बेटे को अपना ग्रास बना लिया।
"हमारा दु:ख एक बराबर है जीजी। इससे साझा लड़ने के लिए हम कन्धा से कन्धा मिला लेते हैं।" 
"प्रेम के संग-साथ दबे पाँव क्रांति को आ जाना हो ही जाता है .. !" कहते हुए अनुरागी मालतीदेवी ने दोनों बहुओं को अपने अँकवार में भर लिया।

Thursday, 4 May 2023

आधे अंधेरे का सच

आधे अंधेरे का सच

"दादी माँ! यह छोटी दादी क्या कर रही हैं?" दमयंती की देवरानी को गोबर से पूरे घर को घेरता देखकर उनकी पोती निधि ने पूछा।

"आज नागपंचमी है तो पूजा की तैयारी कर रही है तुम्हारी छोटी दादी।" दमयंती ने कहा।

"पूजा के लिए तो ड्योढ़ी पर साँप की तस्वीर बना हुआ है दादी। पूरे घर के दीवाल पर तो केवल लकीर खींच रही हैं। आपने ही बताया था कि सावन मास या यूँ कहें चौमासा में अक्सर साँप निकलते हैं...  हल-कुदाल से कार्य के दौरान साँप चोटिल हो सकते हैं...!" निधि ने कहा।

"बीच-बीच में सांप का खाका खींच रही है... ऐसा ही तुम्हारे दादा की दादी ने बताया था।" दमयंती ने कहा।

"दादा की दादी के काल में पढ़ाई कम थी न दादी। उस समय पूरे मिट्टी का दीवाल होता था। गोबर लगाना मजबूती देता होगा। अभी डिस्टेम्पर वाले दीवाल पर गोबर का घेरा?

नित्य सुबह सूरज के उगने पर नयी बातें उस पर लिखा जा सकता है... हम विज्ञान माने या..," निधि की बातें पूरी  नहीं हो पायी।

"छोटकी भाभी हमरो थोड़ा दूध दीं।" दमयंती के देवर के सहायक ने निधि पर नजर गड़ाए हुए कहा।

"दादी! कितने वर्षों से छोटे दादा के आस्तीन में पल रहे हैं ये सहायक अंकल?" निधि ने पूछा।

Wednesday, 3 May 2023

वट का शास्त्र

 वट का शास्त्र

गुरु माँ

चरण वन्दन

आपके आशीष वचनों के कवच में घिरा मैं पूर्णतया सुरक्षित हूँ। मैं आपसे ज्यादातर नाराज ही रहा। मुझे लगता था कि आप मुझसे प्यार नहीं करती। सदैव अनुशासन की छड़ी मेरे सर पर लटकती रही। सबसे छोटे मामा की खुशियों का ख्याल ही रखती दिखीं। मामा, आपको माँ का दर्जा देते थे। मामा को नानी का अक्स याद नहीं था।

आपके अनुशासन ने मुझे सैन्य प्रशिक्षण तक पहुँचा दिया लेकिन विद्रोही मन से कमजोर पड़ा तन-मन सफल होने नहीं दे रहा था।

कुछ दिनों के पश्चात् सहभागियों के संग प्रशिक्षक स्तब्ध रह गए जब मैं सफल होना शुरू किया। आप भी जानना चाहेंगी ऐसा क्यों हुआ? बताता हूँ.. एक दिन मैंने देखा; चूजों के साथ पला बाज, आकाश में बहुत ऊँचे उड़ता बाज को देखकर भौंचक था। मुँडेर पर उड़ने वाले बाज नहीं होते..!

आकाश में उड़ते बाज की माता ने बिना पँख खुले बच्चे को आकाश के बहुत ऊँचाई पर ले जाकर छोड़ देने की क्रिया की होगी न...! उस सगी माँ को किसी ने सौतेली पुकारा होगा क्या...!

आपका कोख जाया।


दुर्निवार

दुर्निवार

15 जुलाई 2019 को रोपते समय हमलोग चम्पा का पौधा समझ रहे थे, क्योंकि चम्पा का पौधा ही मंगवाया गया था।  

2023 में खिला तो मौलश्री का पता चला 

 "स्तब्धता के संग सम्मोहित! कहो, कैसा लगा देख-सूंघकर प्रकृति का करिश्मा! तुमने तो अनेक बार कहा, 'काश! पपीता के पेड़ की तरह लोहे की कांटी गाड़ने जैसा कुछ यंत्रमंत्र होता•••,' कई बार माली को इसे उखाड़ फेकने का आदेश मिलता रहा। खिला तो दूर तक सुगन्ध फैला रहा है।"

"अनेक सालों से सिर्फ सेवा ही तो करवा रहा था। लगाया गया था चम्पा का पौधा। खिलने के बाद पता चला कि यह तो मौलश्री का पेड़ है। जिस पौधे से इश्क हो उसका ना खिलना कितना पीड़ादायक होता है इसकी साक्षी हो न तुम! 

"तुम्हारे दर्द को समझती हूँ । तुम्हारे डर को भी समझ रही थी। बाँझ होने का आरोप लगाकर बिटिया से तलाक ले लेना उसके ससुराल वालों को बहुत आसान लगा। क्यों चिन्ता करती हो ! बिटिया के नए ससुराल से किलकारी के संग लोरी भी गूँजने लगेगी।"

Tuesday, 2 May 2023

चक्रव्यूह

"चासी दादी! आप टूटे तारों से क्या मांग रही थीं?" आँखों को बंदकर हाथ जोड़े छुटकी को देखकर नन्हीं ने पूछा।

छुटकी मेरी छोटी बहन जिसका ब्याह मेरे देवर के संग हुआ था। चाची का चा और मौसी के सी से छुटकी मेरे बेटे की चासी हो जाने के कारण मेरी पोती नन्हीं ने उसे 'चासी दादी' का सम्बोधन दिया।

"धत्त! मांगी गयी बात भी कहीं बताई जाती है!" छुटकी ने कहा।

"क्या आप बता सकती हैं कि नभ से बिछुड़े तारों का क्या होता होगा?" नन्हीं ने पूछा

"नभ से बिछुड़ मिट्टी में मिल जाना ही नियति है.." छुटकी ने कहा

"फिर आप प्रयास करती रहती हैं कि मैं दादी-पापा के संग ना रह सकूँ...! हत्या होगी न?" नन्हीं ने कहा।

"हाँ! जी! मैं सब जानती हूँ। मुझे दादी ने सब कुछ बताया है और समझाया भी है। मुझे पता है कि मैं जन्मदात्री के लिव इन रिलेशनशिप की निशानी हूँ। दादी की बहू ने मुझे अपने पेट से जन्म नहीं दिया है। मैं कान्हा हूँ दादी-पापा के लिए। जिस तरह कंस के कहर से बचाने के लिए...!" कहकर नन्हीं मुस्कुराने लगी।

इतनी छोटी सी बच्ची के मुँह से इतना समझदारी भरा जबाब सुनकर छुटकी का चेहरा उतर गया।

जब मैं बागीचे की तरफ आ रही थी तभी मैंने सुन लिया था, छुटकी, नन्हीं से कह रही थी - "तुम्हें पता है कि तुम इनकी बेटे की बेटी नहीं हो। ये जो तुम इनको दादी बोलती हो ना ये तुम्हारे पालन-पोषण की दादी हैं।"

"समय का खेला! कच्ची उम्र में पकाना पड़ गया समझदारी की आँच पर।"

Monday, 1 May 2023

गतानुगतिका

गतानुगतिका

"साहित्यिक गोष्ठी हेतु श्रेष्ठ गीतकार ने अपनी स्वीकृति दी है। आपसे सहभागिता और रात्रिभोज का अनुरोध है।"
"भला के संग रहिए खाईये बीड़ा पान बुरा संग रहिये कटाइए दोनों कान।
विद्यार्थियों से रिश्वत लेने वाले, लंगोट के ढ़ीले के संग साहित्यिक गोष्ठी! क्या हमारी प्रतिष्ठा बचेगी? कहीं निन्दनीय दुरभिसन्धि ना हो जाए•••"
"चंदन विष व्यापत नहीं, लिपटे रहत भुजंग। आप जिस गुरु के अनुयायी हैं उनसे लगभग चालीस साल गहरी दोस्ती चली। दोनों का एक दूसरे के निजी जिन्दगी में कोई हस्तक्षेप नहीं था, लेकिन साहित्यिक क्षेत्र में वे उनके अवलम्बन थे।"
"चलो, फिर ठीक है ! आँखों के आगे पलकों की बुराई को तजकर मिलते हैं।"

Sunday, 30 April 2023

गुड़ को पुन: गन्ना बना लेना

 गुड़ को पुन: गन्ना बना लेना


"कुछ लोग, जरा मन का नहीं हुआ या कोई बात पसन्द नहीं आयी तो संबंधित के सात पुश्त को अपशब्दों-गालियों से विभूषित करने लगते हैं। ऐसे लोग कोबरा से भी ज्यादा खतरनाक होते हैं...,"

"ठीक कहा। उनसे उलझने से ज्यादा अच्छा है पत्थरों पर दूब उगा लेना।"

"अरे! कहीं भला पत्थरों पर दूब उगायी जा सकती है...?"

"हथेली पर सरसों उगाने इतना असम्भव बात नहीं है। बदलते ऋतु के संग पत्थरों पर धूल-मिट्टी जमा होते जाते और उनमें दूब उगायी जाती है..."

"बदलते ऋतु का असर रिश्वत देने वालों पर क्यों नहीं होता है। वे, भ्रष्टाचरण वाले रिश्वतखोर से कम दोषी नहीं होते हैं।"

" मन की अपनी विचित्र एक चेष्टा है, इसे चाहिये वही जो क्षितिज के पार मिलता है...!"

Friday, 28 April 2023

प्रत्यागत

 प्रत्यागत


दरवाजे पर हल्की-हल्की थाप की ध्वनि सुनकर मैंने दरवाजा खोला तो देखा सजा-सँवरा कृष्णा खड़ा था।

"वाह बहुत अच्छे लग रहे हो कृष्णा! आओ, अन्दर आ जाओ !"

"ऑफिस जा रहा हूँ आपको प्रणाम करने के लिए माँ ने कहा है !" कृष्णा की बातें अस्पष्ट होती हैं। कई बार पूछने पर पूरी बात अंदाजा से समझा जा सकता है। नवजात से देख रही हूँ ।

"नवजात रो नहीं रहा है डॉक्टर।" 

नर्स के इतना कहते ही हडकंप मच गया। शहर का बेहतरीन नर्सिंग होम, दक्ष चिकिस्तक और जमींदार घराने का पहला नाती और वह बचे नहीं! सड़कों को रौंदने लगी गाड़ियाँ। शहर में बच्चों के जितने सिद्धहस्त चिकित्सक थे, सभी लाये गये। उपचार शुरू हुआ। नवजात की साँसें चलने लगी। वो रोने लगा। सबके चेहरे से भय मिट गया। कुछ दिनों के बाद जज्चा-बच्चा घर आ गये। बच्चे की परवरिश अच्छे से होने लगी। लेकिन बच्चे के बोलने-चलने में परेशानी झलकने लगी। पूरे परिवार पर वज्रपात हो गया। सबकी खुशिओं को ग्रहण लग गया। पुन: चिकित्सकों की पेशी हुई। विभिन्न जाँच के बाद पता चला कि नवजात की साँस वापसी में बच्चे के पूरे शरीर के एक नस में ऑक्सीजन नहीं पहुँच सका था जिसके कारण कृष्णा का शरीर असंतुलित, बोलने में अस्पष्टता आजीवन रहने वाला है। दादी के आँखों का तारा, ननिहाल का दुलारा, माता-पिता के लिए एक जंग/परीक्षा के साल गुजरते रहे। वर्षों बाद पिता की अचानक मौत हो गई। अनुकम्पा पर कृष्णा की नौकरी लग गई।


Friday, 21 April 2023

दलदल

 

दलदल

पत्रकार : "विधा के दिशा निर्देशों के अनुसार से कमजोर लिखी गयी रचना को आपने प्रकाशित क्यों किया?"

उत्तरदायी : "ताकि वैसी रचना नहीं लिखी जा सके•••!"

पत्रकार : "इस बात को नवोदित लेखक और पाठक कैसे समझेंगे, क्या आपको नहीं लगता कि पुस्तक में अलग से एक परिशिष्ट में सूचना होनी चाहिए?

उत्तरदायी : "कमजोर होता क्या है••• जिस रचना की दस बार चर्चा हो, वही बन जाए कालजयी रचना•••! संगत के अपने किस दिन के लिए होते हैं•••!"

पत्रकार : कदली, सीप, भुजंग-मुख, स्वाति एक गुन तीन।

जैसी संगति बैठिए, तैसोई फल दीन

उम्मीद करता हूँ वक्त का हिसाब ना हो हीन।"

Thursday, 20 April 2023

रंगीन पत्ते : एकालाप शैली

रंगीन पत्ते : एकालाप शैली 

जेठ की तपी भू पर सावन की बौछारों सा लगभग पाँच साल के बाद परदेशी सपूत उनकी अस्वस्थ्यता के निदान हेतु आया। दीवाली का समय! लगे हाथ पूरे घर की सफाई करवा दिया तथा अनाज फल मिठाई आवश्यक समानों से भरा घर गुलजार हो उठा।घर गुलजार होने पर उन्हें याद आया मोटका मुन्ना के घर में रहने की बातें। उसके घर में वेलोग किराए में रहते थे। उसके घर के आगे एक कब्र था कब्र से सटे भुतहा घर जो बेहद सुंदर था तो पीछे मौलवी जी का घर जो साँप के काटे रोगी का इलाज़ करते थे। भुतहा घर के बगल में नशेड़ियों का घर था। भुतहा घर में एक दंपती थे जिनसे मिलने पत्नी के मायके वाले आए थे, माता-पिता, भाई। निदान में उन्हें चिकित्सकों के चक्कर से मुक्ति मिल गयी... पिता महोदय सिर्फ थेरेपी पर निर्भर हो गए तो माता सिर्फ सुबह के सैर पर।
लगभग सवा महीना संग रहकर परदेशी पूत की पुन: विदेश वापसी हो गयी।भुतहा घर में रहने वाली पत्नी का इलाज़ चल रहा था। प्रतिदिन एक सुई देने वाला चिकित्सक का सहायक आता था लेकिन उस दिन लगातार मूसलाधार बारिश होने के कारण आने से इंकार कर दिया। सुई पड़ना आवश्यक था तो पिता ने स्व देने का निर्णय किया। ज्यों सुई देकर सिरिंज निकालकर रखे बेटी की हालत बिगड़ने लगी। पिता भाई का घर बाहर भीतर बैचेनी में टहलते देखकर आस पास के लोग अपने -अपने घर के दरवाजे पर खड़े हो गए। कुछ देर में ही जोर-जोर से रोने की आवाज आने लगी।बरसात के कारण साँप के काटे के मरीज की भी मौत हो गई । उसे जगाए रखने में टहलाना भी नहीं हो पाया। मुस्लिम कैलेण्डर के मुताबिक शाबान माह की 14 तारीख को शब-ए-बरात का त्योहार मनाया जा रहा था ।
कब्र पर जली मोमबत्ती सजाई गई थी..नशेड़ी बरसात से बेअसर मोहल्ले वाले को गाली दे रहा था। वार्ड मेयर के चुनाव में हार का सामना सहन नहीं कर पा रहा था।परदेशी सपूत 23 नवंबर की रात लगभग सवा बारह बजे घर से निकला सुबह के 3:35 में हवाई जहाज से निकलना था जो कि 24 नवंबर के दोपहर शाम में दूसरे हवाई जहाज से सेन होज पहुँच जाता.. फ्रैंकफर्ट में दूसरे हवाई जहाज में चढ़ने के बाद तकनीकी खराबी के कारण 25 नवम्बर की शाम तक नहीं पहुँच सका है। चिन्ता में होते हुए भी नहीं कहा जा सकता है कि कौन ज्यादा चिन्ता में होंगे।

अदर्ज लेखा

“भैया ने मुझे तीन लाख रुपये कब दिए?” “यह किसने कहा?” “आपने छोटी भाभी से कहा है न?” “चुग़लीखोर से मैंने सिर्फ़ इतना कहा था कि गृहप्रवेश पर एक...